जिले में होगा राजस्व पखवाड़ा का आयोजन, कलेक्टर ने प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

तीन चरणों में आयोजित होगा राजस्व पखवाड़ा
सक्ती- छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार जिले में राजस्व पखवाड़ा 2026 का व्यापक और सुव्यवस्थित आयोजन किया जाएगा। यह अभियान तीन चरणों में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम जिले में अप्रैल माह में 01 से 15 अप्रैल तक, मई में 04 से 18 मई तक तथा जून में 01 से 15 जून तक जिले के सभी ग्रामों में शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजस्व से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल शिविर आधारित कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता को त्वरित राहत प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए कार्य में गति और गुणवत्ता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, वृक्ष कटाई, परिवर्तन, त्रुटि सुधार सहित लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों की मौके पर ही जांच, पंजीयन एवं निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि हितग्राहियों को तत्काल लाभ मिल सके। साथ ही भू-स्वामियों के खातों में आधार नंबर, मोबाइल नंबर, किसान किताब एवं जेंडर संबंधी प्रविष्टियों को भी अद्यतन करने पर जोर दिया गया। जिले में जनहानि, फसल क्षति एवं पशु हानि से संबंधित आरबीसी 6-4 के प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने, भू-अर्जन प्रकरणों में समय-सीमा का पालन करने तथा शुल्क प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अभिलेख शुद्धता अभियान के तहत त्रुटिपूर्ण, संदेहास्पद एवं अपूर्ण प्रविष्टियों वाले अभिलेखों को सुधारने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का निराकरण शिविर स्थल पर ही लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में कोटवारों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजने को कहा गया है।


