टीबी मुक्त पंचायतों के लिए सरपंच हुए सम्मानित,
मरीजों को मिली पोषण किट

सक्ती- सामूहिक नेतृत्व और जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त भारत का सपना सच होगा। इसी संकल्प के साथ विश्व क्षय दिवस के अवसर पर सक्ती जिले में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की ‘वैश्विक थीम यस! वी केन इंड टीबी: लेड बाय कंट्री, पावर्ड बाय प्यूपिल’ के अनुरूप जिले में टीबी उन्मूलन के लिए रणनीतिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन ने उन पंचायतों की सराहना की जिन्होंने स्वास्थ्य मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कलेक्टर अमृत विकास टोपनो और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन की उपस्थिति में वर्ष 2023 और 2024 में टीबी मुक्त घोषित की गई पंचायतों के सरपंचों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वेदांता पावर प्लांट के सहयोग से टीबी मरीजों को विशेष पोषण किट वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि टीबी के उपचार में दवा के साथ-साथ बेहतर खान-पान और उच्च रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) का होना आवश्यक है।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी मुक्त भारत अभियान के 100 दिवसीय विशेष अभियान (द्वितीय चरण) की औपचारिक शुरुआत की गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के सुदूर क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, मुफ्त जांच और सरकारी उपचार योजनाओं की जानकारी देगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में छिपे हुए टीबी मरीजों की पहचान करना और उन्हें तत्काल उपचार से जोड़ना है।


