सक्ती

दिव्यांग टीचर का गला काटने के आरोपी ने लगाई फांसी

सक्ती में घर में लटकी मिली लाश, जमीन विवाद में की थी हत्या

सक्ती- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिव्यांग शिक्षक की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। जिस आरोपी टीमन लाल मनहर की पुलिस तलाश कर रही थी, वह अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस अब हत्या के साथ-साथ आरोपी की आत्महत्या के कारणों की भी जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि गिरफ्तारी के डर से उसने यह कदम उठाया।
18 मार्च को जैजैपुर क्षेत्र के जर्वे गांव निवासी दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि टीमन लाल ने सिर पर कई वार कर हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया था। दोनों के बीच जमीन और पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम जर्वे के रहने वाले टीचर देवानंद भारद्वाज (42) ने टीमन लाल से जमीन खरीदने के लिए 7 लाख में सौदा किया था और पैसे भी दे दिए थे। पैसे देने के बावजूद टीमन ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई और ना ही पैसा वापस लौटाया। जब टीचर ने उससे अपने पैसे वापस मांगे तो हत्या कर दी।
दरअसल देवानंद भारद्वाज (42) ग्राम पिहरीद के शासकीय स्कूल में पदस्थ था। दोनों पैरों से दिव्यांग था और परिवार के साथ ग्राम जर्वे में रहता था। जबकि आरोपी टीमन लाल मनहर जम्मू-कश्मीर में ईट भट्ठी में काम करता है और 3 दिन पहले ही गांव लौटा था।
देवानंद भारद्वाज ने टीमन लाल मनहर से 7 लाख रुपए में जमीन खरीदने का सौदा तय किया था। टीचर ने पैसे भी दे दिए थे। लेकिन टीमन लाल ने ना तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे वापस लौटाए।
मारपीट के बाद कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा
गुरुवार (19 मार्च) शाम करीब 5 बजे पान दुकान के पास देवानंद और टीमन लाल के बीच जमीन सौदे को लेकर विवाद हुआ। देवानंद ने जमीन की रजिस्ट्री कराने या दी गई रकम वापस लौटाने की बात कही, जिससे विवाद और बढ़ गया। गुस्से में टीमन लाल मारपीट करने करने लगा।
झगड़े के बाद जब देवानंद वापस घर लौट रहा था। तभी सूनसान जगह में आरोपी टीमन वहां कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और गला काटकर उसकी हत्या कर दी। कुल्हाड़ी से उसने कई वार किए थे।
शव और ट्राइसाइकिल को किया आग के हवाले
बाद में शव को ट्राइसाइकिल सहित जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आरोपी ने क्या डालकर बॉडी जलाने की कोशिश की, इसकी जांच की जा रही है।