गैस सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति, अफवाहों से बचें और जरूरत अनुसार ही करें बुकिंग – कलेक्टर

बुकिंग, वितरण और भंडारण को लेकर जारी निर्देश, अफवाहों से दूर रहने की अपील
सक्ती – जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से बार-बार गैस बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने एलपीजी की बुकिंग, वितरण और भंडारण को लेकर आवश्यक निर्देश जारी करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों या दुष्प्रचार से प्रभावित न हों और निर्धारित प्रक्रिया तथा समय अंतराल के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कराएं। कलेक्टर ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा दो रिफिल बुकिंग के बीच न्यूनतम समय अंतराल निर्धारित किया गया है। इसके तहत नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद ही उपभोक्ता रिफिल गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के बाद उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त डीएसी अथवा ओटीपी नंबर के आधार पर संबंधित गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है या होम डिलीवरी के माध्यम से घर तक उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी कारणवश सामान्य प्रक्रिया से बुकिंग करने में समस्या आती है, तो उपभोक्ता संबंधित ऑयल कंपनियों के मोबाइल ऐप या उनकी वेबसाइट के माध्यम से भी गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल के आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड कर आसानी से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।
कलेक्टर तोपनो ने व्यवसायिक गैस उपभोक्ताओं के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ऑयल कंपनियों और शासन के निर्णयानुसार व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अत्यावश्यक सेवाओं जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में विस्फोटक लाइसेंस के अभाव में अधिकतम 100 किलोग्राम तक ही एलपीजी भंडारण का प्रावधान है। होटल, रेस्टोरेंट, अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा विवाह समारोह के आयोजकों से अपील की गई है कि गैस की खपत को कम करने के लिए भोजन के मेन्यू को सीमित रखें और तंदूर के साथ-साथ वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत जैसे डीजल स्टोव, इलेक्ट्रिक इंडक्शन, लकड़ी अथवा सीमित मात्रा में गोबर के कंडों का उपयोग भी करें।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा विकासखंडवार राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों के माध्यम से लगातार निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें, निर्धारित नियमों का पालन करते हुए गैस की बुकिंग करें तथा गैस का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। प्रशासन द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या की जानकारी दी जा सकती है।


