भीषण गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतें – सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल

सक्ती – जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. पूजा अग्रवाल ने आम नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के मौसम में अधिक तापमान और तेज धूप के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है, जिससे लू (हीट स्ट्रोक) लगने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचना चाहिए तथा शरीर को हाइड्रेट रखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि लू लगने के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी होना, सिरदर्द, कमजोरी महसूस होना, अधिक पसीना आना या पसीना बंद हो जाना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार लेना चाहिए।
डॉ. पूजा अग्रवाल ने लोगों को सलाह दी कि गर्मी से बचाव के लिए हल्के व सूती कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ या ओआरएस का सेवन करें और दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाती है तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर पानी पिलाएं तथा आवश्यकता होने पर स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं।
सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्मी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को लू से बचाव और प्राथमिक उपचार की जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि गर्मी के मौसम में सतर्क रहें और किसी भी परेशानी होने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।


