जनगणना 2027 हेतु प्रथम चरण का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ


सक्ती – भारत सरकार, गृह मंत्रालय अंतर्गत जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन के लिए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अमृत विकास तोपनो की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के तहत प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को इसे पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कार्मिक निर्धारित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें और प्रक्रियाओं को भली-भांति समझकर ही मैदानी कार्य करें, ताकि जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत पारदर्शिता के साथ पूर्ण हो सके। प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, दायित्वों तथा समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण होता है। इसलिए यह दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों को जागरूक करें, ताकि वे सही एवं सटीक जानकारी दें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचा जा सके। जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षण अधिकारी मनोज कुमार महिलांगे और बलवंत डी सोमकुवंर द्वारा जनगणना 2027 में जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। जनशक्ति एवं प्रचार गतिविधियां, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति, जनगणना में उपयोग की जाने वाली प्रक्रियाएं, डेटा नैतिकता, गोपनीयता एवं सुरक्षा, मोबाइल एवं वेब ऐप से जुड़ी समस्याओं का निराकरण तथा समय-सीमा की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त स्व-गणना प्रक्रिया, डेमो, उत्तरदाता, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षण में जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका, कानूनी प्रावधान, कोष प्रबंधन, जनशक्ति एवं प्रचार गतिविधियां, जनगणना की आधारभूत संरचना का निर्माण, उपयोग की जाने वाली प्रक्रियाएं, अवधारणाएं एवं परिभाषाएं तथा एचएलओ प्रश्न 1 से 34 का अवलोकन कराया गया। सीएमएमएस का परिचय, इसके मॉड्यूल, सुविधाएं, उपयोगकर्ताओं के प्रकार, उपयोगकर्ता पंजीकरण, सीएमएमएस-एचएलओ प्रबंधन (भाग-1) एवं सीएमएमएस-एचएलओ प्रबंधन (भाग-2) के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी के. एस. पैंकरा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, एसडीएम सक्ती एवं अनुविभागीय जनगणना अधिकारी अरुण कुमार सोम, एसडीएम मालखरौदा एवं अनुविभागीय जनगणना अधिकारी रूपेंद्र पटेल सहित सभी तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी ग्रामीण, नगर पालिका अधिकारी एवं जनगणना चार्ज अधिकारी, नगरीय एवं जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षण अधिकारी मनोज कुमार महिलांगे एवं बलवंत डी सोमकुवंर, जिला नोडल अधिकारी जनगणना दिनेश वसंत राव अंबादे सहित अन्य जनगणना अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


