कलेक्टर ने ली आधार एमबीयू अपग्रेडेशन को लेकर समीक्षा बैठक, शत-प्रतिशत लक्ष्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश


सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आधार एमबीयू अपग्रेडेशन के संबंध में विकासखंड स्त्रोत केंद्र, सक्ती में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी और संकुल शैक्षिक समन्वयक की उपस्थिति में स्कूली छात्र छात्राओं के आधार एमबीयू अपग्रेडेशन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने विद्यार्थियों के आधार एमबीयू अपग्रेडेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का आधार एमबीयू अपग्रेडेशन निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आधार सत्यापन एवं अपग्रेडेशन से छात्र-छात्राओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं छात्रवृत्ति का लाभ समय पर प्राप्त हो सकेगा। कलेक्टर तोपनो ने संकुल शैक्षिक समन्वयकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने संकुल अंतर्गत विद्यालयों की सतत मॉनिटरिंग करें तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आधार एमबीयू अपग्रेडेशन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों के हित में इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने हेतु कहा। जिला शिक्षा अधिकारी ने बैठक में विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि आधार एमबीयू अपग्रेडेशन कार्य शासन की प्राथमिकता में है। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीरता से कार्य करते हुए लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर नियमित प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित विकासखंड सक्ती के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।


