उठाईगिरी करने वाले आरोपी को 03 दिवस के भीतर गिरफ्तार करने में थाना जैजैपुर पुलिस को सफलता

सक्ती/जैजैपुर- प्रार्थी बुधेस्वर देवांगन निवासी ग्राम ओडेकेरा द्वारा दिनांक 18.02.2026 को थाना जैजैपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की रकम 40,000 रुपये निकालकर अपने टीवीएस लूना से घर वापस जा रहा था। उक्त राशि को एक थैले में रखकर लूना के हैंडल में लटका रखा था। रास्ते में पेट्रोल पंप पर वाहन खड़ा कर अलग से बोतल में पेट्रोल लेने गया। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए पेट्रोल पंप पहुंचे और लूना के हैंडल में लटके पैसों से भरा थैला लेकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक महोदय प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रा.पु.से.) एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना जैजैपुर पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई। तत्पश्चात आरोपी दीपक प्रधान, पिता पोतरस प्रधान, उम्र 27 वर्ष, निवासी दोषमनिया थाना कॉलिंगनगर जिला जाजपुर (उड़ीसा), हाल मुकाम ग्राम भीमखोज थाना भीमखोज जिला महासमुंद तथा उसके एक नाबालिग साथी को जैजैपुर क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए जाने पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी विजय एवं एक नाबालिग मित्र के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से उठाईगिरी की गई रकम में से 30,000 रुपये एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई।आरोपी दीपक प्रधान एवं विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। शेष फरार आरोपी की तलाश जारी है।


