कलेक्टर ने टोल प्लाजा जेठा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने दिए सख्त निर्देश

एनएचआई के सभी गाइडलाइंस का पूर्णतः पालन करें टोल प्लाजा प्रबंधन
सक्ती – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने टोल प्लाजा जेठा के खिलाफ अवैध वसूली और मारपीट की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे कलेक्टर ने टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद टोल प्लाजा प्रबंधन के कर्मचारियों से एनएचएआई की गाइडलाइन के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि टोल प्लाजा का संचालन पूर्णतः नियमों के अनुरूप किया जाए तथा एनएचएआई के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुगम और सुरक्षित आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। टोल प्लाजा जेठा के विरुद्ध लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीर बताते हुए उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी दी कि नियम विरुद्ध किसी भी प्रकार की वसूली, अभद्र व्यवहार या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर तोपनो ने टोल प्रबंधन को सभी व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने, पारदर्शिता बनाए रखने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजीव ठाकुर, रामनारायण गौतम, रवि गोयल, भगत शर्मा, शम्स तमरेज खान सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि एवं टोल प्लाजा के संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


