स्व सहायता समूह और महतारी वंदन बना आराधना चौहान का भरोसेमंद सहारा

आर्थिक मजबूती के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम
सक्ती – छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना और स्व सहायता समूहों की पहल ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आशा की नई किरण जगाई है। ये योजनाएं न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित भी कर रही हैं। सक्ती जिले की ग्राम पंचायत अचानकपुर के ग्राम डड़ाई निवासी आराधना चौहान एक साधारण गृहिणी हैं, जो आज अपनी मेहनत और शासन की योजनाओं के सहयोग से न केवल अपने परिवार का संबल बनी हैं, बल्कि एक प्रेरणा बनकर उभरी हैं। आराधना ने बताया कि वह एकता स्व सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। एकता स्व सहायता समूह से लोन लेकर उन्होंने अपने घर में राशन दुकान शुरू की, जिसे वे स्वयं संचालित कर रही हैं। साथ ही उन्हें शासन की ओर से महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। राशन दुकान से होने वाला लाभ और महतारी वंदन योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि को वह इस दुकान को मजबूत करने, बच्चे की पढ़ाई और आवश्यक घरेलू खर्चों में उपयोग करती हैं। पहले जहां कोई बचत संभव नहीं थी, वहीं अब इस योजना के चलते वह हर महीने थोड़ी-बहुत राशि बचाकर अपने बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की बुनियाद मजबूत कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आराधना ने कहा कि स्व सहायता समूह और महतारी वंदन योजना ने हमें सिर्फ आर्थिक मदद नहीं दी, बल्कि जीने का नया हौसला और आत्मसम्मान भी दिया है। आज हम केवल परिवार की देखभाल नहीं, बल्कि उसकी प्रगति में भागीदार भी बन पाई हैं। इस योजना से हजारों-लाखों महिलाएं न केवल आर्थिक संबल प्राप्त कर रही हैं, बल्कि अपना और अपने परिवार का भविष्य भी गढ़ रही हैं। स्व सहायता समूह और महतारी वंदन मिलकर छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बना रहे हैं।


