सक्ती

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

सक्ती –  कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं सामान्य ज्ञान की पुस्तकें प्रदान की गईं। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5000 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 3000 रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सहित मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं सामान्य ज्ञान की पुस्तकें भेंट की गईं। सभी प्रतिभागियों को भी सम्मान स्वरूप मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के सभी 134 हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 07 फरवरी 2026 को प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के कुल 8836 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में व्यस्त होने के कारण इस वर्ष प्रतियोगिता केवल कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सामान्य अध्ययन, बौद्धिक योग्यता, गणित, अंग्रेजी भाषा तथा महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का परिणाम 16 फरवरी 2026 को जारी किया गया। जिला स्तर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांशीगढ़ के छात्र साहिल बंजारे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय हसौद की छात्रा जया कुर्रे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टूंड्री की छात्रा कुसुम राठिया एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांटीपाली के छात्र लोकेश साहू ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता एवं प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने तथा उन्हें भविष्य में शासकीय सेवाओं के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।उल्लेखनीय है कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में शासकीय पदों पर भर्ती की जाती है, जैसे एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पीएससी, व्यापम आदि। इन प्रतियोगी परीक्षाओं का मुख्य पाठ्यक्रम सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित एवं अंग्रेजी भाषा पर आधारित होता है। यदि विद्यार्थी कक्षा 9वीं से 12वीं तक सामान्य ज्ञान की तैयारी प्रारंभ करें, तो शासकीय सेवाओं में चयन की संभावना बढ़ जाती है। वर्तमान में अधिकांश विद्यार्थी नीट एवं आईआईटी-जेईई को ही प्रमुख कैरियर विकल्प मानते हैं, जिसके कारण शासकीय सेवाओं की तैयारी हेतु प्रारंभिक मार्गदर्शन का अभाव देखा जाता है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन, जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदनी बाघ द्विवेदी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।