सक्ती

एग्रीस्टैक, पीएम किसान योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के लिए कृषि चौपाल का आयोजन

सक्ती-  भारत सरकार द्वारा उर्वरकों की बिक्री में पारदर्शिता लाने एवं सब्सिडी का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एग्रीस्टैक योजना संचालित की जा रही है। इसी क्रम में किसानों को शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने तथा फार्मर आईडी निर्माण हेतु जिले में कृषि चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। उप संचालक कृषि, सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के समस्त ग्रामों में कृषि चौपाल का आयोजन 13 फरवरी 2026 से 03 मार्च 2026 तक किया जाएगा। जिन किसानों ने अब तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है वे निर्धारित तिथियों में अपने ग्राम अथवा नजदीकी लोक सेवा केंद्र  में पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। फार्मर आईडी बनाने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि ऋण तथा अन्य शासकीय कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक दस्तावेज के रूप में कार्य करेगी। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर फार्मर आईडी बनवाकर शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।