सक्ती

व्यायाम शिक्षिका डॉ. रीतू सिंह का 46वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चयन

सक्ती –  विकासखण्ड मालखरौदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंदोरा के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर है। विद्यालय में व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत डॉ. रीतू सिंह का चयन 46वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप–2026 के लिए हुआ, जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता भारतीय मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं केरल मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 28 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक चंद्रशेखरन नायर स्टेडियम एवं केरल यूनिवर्सिटी स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम (केरल) में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देशभर से चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया। डॉ. रीतू सिंह ने 30+ आयु वर्ग के अंतर्गत गोला फेंक, भाला फेंक एवं 100 मीटर दौड़ स्पर्धाओं में सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इससे पूर्व भी वे खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी स्तर पर बेसबॉल एवं सॉफ्टबॉल (2016-17) में सहभागिता की है। वहीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 1500 मीटर दौड़ एवं क्रॉस कंट्री स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इसके अतिरिक्त वे इंटर यूनिवर्सिटी कबड्डी प्रतियोगिता–2017 में भी भाग ले चुकी हैं। डॉ. रीतू सिंह के चयन एवं राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता पर विद्यालय के प्राचार्य रूपलाल भारद्वाज ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे विद्यालय की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विद्यालय परिवार सहित क्षेत्रवासियों ने भी डॉ. रीतू सिंह की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।