सक्ती

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 7 फरवरी को

सक्ती – भारत में प्रतिवर्ष विभिन्न विभागों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर भर्ती की जाती है (एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पीएससी, व्यापम इत्यादि)। इन पदों हेतु आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं का मूल पाठ्यक्रम सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित एवं अंग्रेजी भाषा पर आधारित होता है। यदि विद्यार्थी कक्षा 9वीं से 12वीं तक केवल अवेयरनेस स्तर पर तथा स्नातक स्तर पर नियमित तैयारी करें, तो शासकीय सेवा में चयन की संभावना अत्यधिक बढ़ जाती है।
वर्तमान में अधिकांश विद्यार्थी केवल नीट एवं आईआईटी-जेईई को ही करियर विकल्प के रूप में देखते हैं। इस कारण शासकीय सेवाओं की तैयारी के प्रति प्रारंभिक स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं अभिमुखीकरण नहीं हो पाता। इस तथ्य के दृष्टिगत यह आवश्यक है कि विद्यार्थी शासकीय सेवा को भी एक व्यवहारिक एवं सम्मानजनक करियर विकल्प के रूप में देखा जा सकता है।
उक्त उद्देश्य की पूर्ति हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सक्ती द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के समस्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों में वर्ष में तीन बार (प्रत्येक चार माह में एक बार) जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में दिनांक 07 फरवरी को जिले के समस्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाते हुए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए इस वर्ष यह प्रतियोगिता केवल कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
परीक्षा में सामान्य अध्ययन, बौद्धिक योग्यता, गणित, अंग्रेजी भाषा तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी  सुधाकर बोदले द्वारा जानकारी दी गई कि सक्ती जिले के 135 शासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में 8000 तथा कक्षा 11वीं में 5000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस प्रकार कुल 13,000 विद्यार्थियों के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को जिला स्तर पर आयोजित समारोह में कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो द्वारा सम्मानित किया जाएगा।