सक्ती

रजत महोत्सव के अंतर्गत पेंशन एवं वेतन निर्धारण शिविर का होगा आयोजन

सक्ती –  छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश में रजत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासन द्वारा वित्त विभाग के कार्यक्रम आयोजन हेतु 23 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक का सप्ताह निर्धारित किया गया है। संचालनालय वित्त के निर्देशानुसार इस अवधि में संभाग एवं जिला स्तर पर शिविर आयोजित कर पेंशन एवं वेतन निर्धारण से संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाना है। इसी तारतम्य में संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन बिलासपुर संभाग द्वारा संभाग के सभी जिलों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।  कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला सक्ती में यह शिविर 29 जनवरी 2026 को जिला कोषालय कार्यालय, सक्ती में कार्यालयीन समय में आयोजित किया जाएगा। शिविर में पेंशन निर्धारण एवं वेतन निर्धारण, सेवा सत्यापन आदि के प्रकरणों का निराकरण संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन बिलासपुर संभाग, जिला बिलासपुर के अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा। जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल द्वारा आग्रह किया गया है कि जिले के जिन कार्यालयों के पेंशन व वेतन निर्धारण प्रकरण आदि लंबित हैं, वे कार्यालय प्रमुख एवं प्रभारी लिपिक आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों के साथ प्रकरणों का निराकरण उक्त शिविर मे उपस्थित होकर करा सकते हैं।