खेलो इंडिया मशाल रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

सक्ती – भारत सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहन देने एवं फिट इंडिया अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से निकाली गई खेलो इंडिया मशाल रथ के सक्ती पहुंचने पर कलेक्टोरेट परिसर के सामने मशाल रथ को अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा एवं अपर कलेक्टर बालेश्वर राम द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती कुमुदनी बाघ द्विवेदी, जिला खेल अधिकारी हरि पटेल सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह मशाल रथ सक्ती नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए खेलो इंडिया लघु केंद्र रगजा पहुंचेगी, जहां खेलों के प्रति युवाओं और विद्यार्थियों में जागरूकता एवं उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करना तथा अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना है।


