कलेक्टर और धान खरीदी नोडल अधिकारी ने जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की ली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग


सभी नोडल अधिकारी जिम्मेदारीपूर्वक करे धान खरीदी कार्यों की निगरानी, रोके अवैध गतिविधि-कलेक्टर

कलेक्टर ने धान खरीदी के अंतिम चरण में सख्ती और पारदर्शिता के साथ सुव्यवस्थित धान खरीदी कार्य कराए जाने के दिये निर्देश
सक्ती- खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के अंतर्गत जिले में संचालित धान खरीदी कार्य के अंतिम चरण को लेकर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं जिला पंचायत सीईओ व धान खरीदी नोडल अधिकारी वासु जैन ने जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर तोपनो ने सभी जिला स्तरीय नोडल अधिकारियो को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि धान खरीदी शासन की अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, और वर्तमान में धान खरीदी समाप्त होने में कुछ ही दिन शेष है इस दौरान कोचियों बिचौलियों द्वारा अवैध धानों को ज्यादा से ज्यादा खपाने की कोशिश की जाती है। जिसके लिए कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक और पूरी गंभीरता से धान खरीदी केंद्रों का निगरानी किए जाने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को तत्काल रोके जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी पात्र किसानों से एक एक दाना धान खरीदना है लेकिन किसी भी प्रकार से अवैध धान खपने न पाए इसका विशेष ध्यान रखें। इसके साथ ही कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी के दौरान खरीदी के दिन ही स्टेकिंग कराए जाने, धान की बोरियों की सिलाई और स्टेंसिल होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मिलीभगत पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन के पैसों में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी जिला एवं विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी नियमित रूप से उपार्जन केंद्रों की खरीदी प्रक्रिया का सतत निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पाए जाने पर संबंधित एसडीएम तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। बैठक में धान खरीदी नोडल अधिकारी वासु जैन ने स्पष्ट किया कि अवैध धान खरीदी, बाहरी धान की आवक, फर्जी किसानों के माध्यम से धान बेचने जैसी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपनी उपस्थिति में प्रतिदिन सुबह धान खरीदी की एंट्री देखे और क्लोजिंग भी कराए। उन्होंने निर्देश दिए कि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल जांच कर धान जप्ती एवं प्रकरण दर्ज करने की कार्यवाही की जाए। धान खरीदी नोडल अधिकारी जैन ने कहा कि जिन उपार्जन केंद्रों पर अनियमितता या लापरवाही पाई जाएगी, वहां के नोडल अधिकारियो, प्रभारी अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों पर निलंबन सहित कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग में सभी धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारी शामिल हुए।


