राज्य वीरता पुरस्कार : अदम्य साहस और निःस्वार्थ कार्य करने वाले बच्चों को मिलेगा सम्मान, 20 दिसंबर तक आवेदन आमंत्रित

सक्ती – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अदम्य साहस, शौर्य, वीरता और बुद्धिमत्ता का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित करने हेतु प्रतिष्ठित “राज्य वीरता पुरस्कार” के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार उन बालक-बालिकाओं को समर्पित है, जिन्होंने किसी विशेष घटना में निःस्वार्थ भाव से किसी जीवन को बचाने या गंभीर क्षति से संरक्षित करने का साहसिक कार्य किया हो। पुरस्कार के लिए पात्रता में आवेदक की आयु 18 वर्ष या उस से कम होना अनिवार्य है तथा घटना या वीरता की अवधि 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच की होनी चाहिए। चयनित बच्चों को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन 20 दिसंबर 2025 तक जिला महिला एवं बाल विकास विभाग जिला सक्ती में जमा कर सकते हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार आवेदक छत्तीसगढ़ का निवासी होना चाहिए। यह पुरस्कार किसी भी बालक या बालिका को केवल एक बार ही प्राप्त हो सकेगा। पुरस्कार हेतु आवेदन महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी के माध्यम से या सीधे जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास को किया जा सकता है। आवेदन करते समय लिफाफे में “राज्य वीरता पुरस्कार वर्ष 2025 हेतु आवेदन उल्लेखित करे तथा आवेदक के पिता और माता का स्पष्ट पता मोबाइल नम्बर के साथ दर्ज करे। निर्धारित प्रपत्र में आवेदन के साथ समस्त विवरण एवं सक्षम प्राधिकारी क्रमांक 01 एवं 02 से सत्यापित कराकर कलेक्टर की अनुसंशा सहित 20 दिसम्बर 2025 तक जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग जिला सक्ती में प्रस्तुत कर सकते है। अपूर्ण अथवा ऐसे आवेदन पत्र जो सक्षम प्राधिकारी एवं जिला कलेक्टर द्वारा प्रमाणित या सत्यापित नहीं है एवं विलम्ब से प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा। आवेदन किये जाने हेतु प्रारूप एवं जानकारी विभागीय वेबसाइट cgwed.gov.in में उपलब्ध है तथा अन्य किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई जिला सक्ती से संपर्क किया जा सकता है।


