उपजेल सक्ती में मानवाधिकार दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

सक्ती – अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को उपजेल सक्ती में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शुभदा गोयल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सक्ती तथा मनोज कुमार कुशवाहा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा उपस्थित रहे। शिविर के दौरान सीजेएम गोयल ने बंदियों को उनके संवैधानिक व विधिक अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि मानवाधिकार दिवस हर वर्ष 10 दिसंबर को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, समानता और स्वतंत्रता की रक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, अपील का अधिकार, समय पर पेशी, उचित उपचार, शिक्षा और सम्मानजनक व्यवहार जैसे महत्त्वपूर्ण अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जेल में होना किसी भी व्यक्ति के मानवाधिकारों को समाप्त नहीं करता। सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने बंदियों को जेल अनुशासन का पालन करने, आपसी सद्भाव बनाए रखने और सुधार की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, डिप्टी चीफ LADC धर्मेंद्र प्रसाद सोन, असिस्टेंट LADC त्रिभुवन प्रसाद जांगड़े व पैरालीगल वॉलंटियर मनीष साहू भी उपस्थित रहे। सभी ने मानवाधिकार संरक्षण और विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।


