सक्ती

अज्ञात वाहन को साइड देने में रेलिंग से टकराई बाइक, डीजे ऑपरेटर की मौत

एक गंभीर रूप से घायल, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सक्ती –  सक्ती जिले मे मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि दोनों घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान दोनों युवक हादसे का शिकार हो गए। घटना जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम तुषार निवासी दीपक चंद्रा और मनोज चंद्रा डीजे संचालन का काम करते हैं। दोनों निजी कार्य से कचंदा गए थे और शाम को लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। बोड़सरा गांव के पास तालाब किनारे स्थित अंधे मोड़ पर दोनों युवक सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन को साइड देने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उनकी दोपहिया वाहन सड़क किनारे रेलिंग से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही दीपक चंद्रा ने दम तोड़ दिया। वहीं, मनोज चंद्रा को गंभीर गले की चोट आने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। दीपक चंद्रा की मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।