सक्ती

धान खरीदी केंद्र देवरघटा और फगुरम में आज धान खरीदी के लिए कटा एक-एक टोकन

सक्ती – प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पूरे राज्य में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सबसे बड़ा महापर्व शुरू हो गया है। इस महाअभियान को लेकर सक्ती जिले के किसानों में भी भारी उत्साह का माहौल है। धान खरीदी महापर्व के पहले दिन सक्ती जिले में देवरघटा से धान खरीदी के महाअभियान की शुरुआत हो गई है। जिला विपणन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार आज जैजैपुर विकासखंड के धान खरीदी केंद्र देवरघटा में एक टोकन और धान खरीदी केंद्र फगुरम में भी एक टोकन धान खरीदी के लिए कटा है। जिसके तहत किसानों से शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी की जाएगी। बता दे कि यह महत्वपूर्ण अभियान 31 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसके अंतर्गत किसानों से उनकी उपज का सुरक्षित, पारदर्शी और सुचारू रूप से क्रय सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी कार्यों की निगरानी प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही है ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।