सक्ती

कलेक्टर के निर्देशन में निजी पैथोलॉजी संस्थानों का किया गया निरीक्षण

कलेक्टर के निर्देशन में निजी पैथोलॉजी संस्थानों का किया गया निरीक्षण kshititech

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और परीक्षण रिपोर्ट की शुद्धता बनाए रखना स्वास्थ्य केंद्रों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी – कलेक्टर

सक्ती –  कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ओ.आई.सी. व डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश सिंह राजपूत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुजा अग्रवाल के नेतृत्व में जिला नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. सुदर्शन भारद्वाज एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नर्सिंग होम एक्ट एवं पैथोलॉजी संचालन मानकों के अंतर्गत निजी स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और परीक्षण रिपोर्ट की शुद्धता मरीजों के जीवन से सीधे जुड़ी है। इसलिए स्वास्थ्य केंद्रों और पैथोलॉजी केंद्रों में मानक प्रक्रियाओं एवं नियमों का पालन होना अति आवश्यक है और यह उनकी जिम्मेदारी भी है। कलेक्टर ने निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी निजी अस्पतालों एवं पैथोलॉजी संचालको सभी को आवश्यक अभिलेख, प्रक्रिया एवं सुविधाएँ पूर्ण रखते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाए सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विगत दिवस निरीक्षण के दौरान विकासखण्ड जैजैपुर अंतर्गत मां गायत्री पैथोलॉजी, आरोग्य पैथोलॉजी संस्थान आदि में सेवा प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण, मरीज सुविधाएँ, प्रसूति सेवाओं की उपलब्धता एवं नर्सिंग होम एक्ट के अनुपालन की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ पैथोलॉजी केंद्रों में व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। जबकि कुछ स्थानों पर दस्तावेजों एवं मानक प्रक्रिया पालन में कमी पाई गई। संबंधित केंद्रों को निर्धारित समय सीमा में सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश  दिया गया है। निरीक्षण में निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से मानको को पूर्ण करने के निर्देश दिये गये है। जिसमे सैंपल संग्रह एवं परीक्षण प्रक्रिया का मानक संचालन, रेफ्रिजरेशन व कोल्ड चेन की व्यवस्था, टेस्ट लॉग-बुक एवं रिपोर्ट रजिस्टर का अद्यतन संधारण, बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण और दर सूची एवं परीक्षण शुल्क का स्पष्ट प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में विभागीय नोडल अधिकारी एवं तकनीकी दल शामिल थे।