स्व. संतोष अग्रवाल की स्मृति में आयोजित शिविर से 100 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाकर सकुशल लौटे

सक्ती – स्वर्गीय संतोष अग्रवाल जी की स्मृति में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद एवं नेत्र जांच शिविर ने इस बार भी सेवा की नई मिसाल कायम की। शिविर का सफल आयोजन राजकुमार अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एवं समस्त खरकिया परिवार की पहल और समर्पण से किया गया। शिविर में सक्ती एवं आसपास के क्षेत्रों से 500 से अधिक मरीज जांच हेतु पहुंचे। जांच के उपरांत चिन्हित 100 मरीजों को रायपुर MGM हॉस्पिटल भेजा गया, जहाँ अनुभवी डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका मोतियाबिंद ऑपरेशन निःशुल्क किया गया। सभी मरीज सकुशल वापस सक्ती लौट आए, जिससे परिजनों व नगरवासियों में संतोष और खुशी का माहौल रहा। इस सफल आयोजन में समस्त खरकिया परिवार, सक्ती की आन-बान ग्रुप, सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार, SJR टीम, तथा नगर के सभी सामाजिक साथियों और नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी सहयोगी समूहों ने मिलकर शिविर की व्यवस्थाओं—जांच, भोजन, आवागमन तथा मरीजों की देखभाल—को सहज और प्रभावी बनाया।आयोजनकर्ताओं ने बताया कि स्व. संतोष अग्रवाल जी की समाजसेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस शिविर को हर वर्ष और भी व्यापक तथा सुव्यवस्थित बनाया जा रहा है। नगर में यह पहल मानवता और सेवा का प्रेरक उदाहरण बन चुकी है।


