भगवान अग्रसेन के अपमान पर अग्रवाल समाज का फूटा आक्रोश

जन सेवा समिति धर्मशाला से थाना तक पैदल मार्च, लगे अमित बघेल मुर्दाबाद के नारे

सक्ती – अग्रसेन समाज के इष्टदेव अग्रसेन जी महाराज के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी किए जाने से सक्ती का अग्रवाल समाज उग्र हो उठा। गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में समाजजनों ने जन सेवा समिति धर्मशाला से थाना सक्ती तक पैदल मार्च निकालकर आरोपी अमित बघेल के खिलाफ ज़ोरदार नारेबाजी की — “अमित बघेल मुर्दाबाद”, “धर्म का अपमान नहीं सहेंगे”, “इष्टदेव का अपमान करने वालों को सज़ा दो” आदि नारों से नगर गूंज उठा। अग्रवाल सभा सक्ती के नेतृत्व में समाजजनों ने थाना पहुँचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि महाराज अग्रसेन जी के प्रति की गई यह अभद्र टिप्पणी न केवल अग्र समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाती है बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी आघात है।“भगवान अग्रसेन जी महाराज हमारे आराध्य देव हैं। उनके प्रति की गई अभद्र टिप्पणी समाज की आस्था और मर्यादा पर सीधा प्रहार है। अग्र समाज ऐसे कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। हमने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अनुचित टिप्पणी करने का दुस्साहस न करे।”उन्होंने यह भी कहा कि अग्र समाज हमेशा शांति और सद्भाव में विश्वास रखता है, लेकिन धर्म और इष्टदेवों के अपमान पर मौन रहना भी अपराध होगा। समाज एकजुट है और यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


