सक्ती

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी स्वास्थ्य संस्थानों का किया गया औचक निरीक्षण

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी स्वास्थ्य संस्थानों का किया गया औचक निरीक्षण kshititech

निजी अस्पतालो में दर सूची एवं मरीज अधिकार सम्बन्धी सूचना का स्पष्ट प्रदर्शन करने के दिए गए निर्देश

सक्ती – कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ओ.आई.सी. व डिप्टी कलेक्टर  प्रीतेश सिंह राजपुत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुजा अग्रवाल के नेतृत्व में जिला नोडल अधिकारी नर्सिंग होम एक्ट डॉ. सुदर्शन भारद्वाज एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नर्सिंग होम एक्ट अंतर्गत संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों का विगत दिवस औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विकासखंड जैजैपुर के लाइफलाइन हॉस्पिटल परसदा हसौद तथा महामाया हॉस्पिटल हसौद में रोगी सेवा, स्वच्छता, प्रसूति सेवाओं की उपलब्धता, रिकार्ड संधारण एवं नर्सिंग होम एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों के अनुसार दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ संस्थानों में आवश्यक डॉक्यूमेंटेशन एवं रजिस्टर संधारण में कमियाँ हैं। इस पर संबंधित संस्थानों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए तथा सभी अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित स्वास्थ्य संस्थाओं को मरीजों के लिए सुरक्षित व समस्त मानको को पूर्ण करने, प्रतीक्षा कक्ष एवं बैठने की समुचित व्यवस्था, दर सूची एवं मरीज अधिकार संबंधी सूचना का स्पष्ट प्रदर्शन, प्रसूति एवं आपात सेवाओं की वास्तविक उपलब्धता और उपचार एवं चिकित्सा अभिलेखों को नियमित अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है। जिला प्रशासन निजी अस्पतालों में मानक सेवाएँ सुनिश्चित कराने हेतु प्रतिबद्ध है। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानो को निर्धारित नियमो एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर  प्रीतेश सिंह राजपुत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुजा अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित था।