ट्रेलर की चपेट में आने से सुदर्शन बघेल की मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी


सक्ती – जिले के ग्राम कौंली थाना डभरा जिला सक्ती में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ। उड़ीसा नंबर के ट्रेलर वाहन ने मुख्य मार्ग पर जा रहे गोर्रा निवासी सुदर्शन बघेल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के उपरांत ट्रेलर चालक को छिपाए जाने और पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई न किए जाने को लेकर लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के कई घंटे बाद भी शव सड़क किनारे पड़ा रहा, जिससे प्रशासन की संवेदनहीनता को लेकर लोगों में नाराज़गी बढ़ती गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रेलर चालक और वाहन मालिक को पकड़ने के बावजूद बचाने का प्रयास किया जा रहा है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर न्याय की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की। वहीं मामले की जांच डभरा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।


