सक्ती

कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

कलेक्टर ने गणतंत्र दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश kshititech

सक्ती – कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी  अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो ने आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति जिला मुख्यालय के कॉलेज मैदान जेठा में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य मंच की सजावट, ध्वजारोहण, हर्ष फायर, परेड रिहर्सल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठक व्यवस्था, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, पेयजल व्यवस्था, गुब्बारों की सजावट, आकर्षक झांकियां, पुरस्कार वितरण, प्राथमिक उपचार व्यवस्था तथा पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। समय सीमा की बैठक मे कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के लिए आमजन को जागरूक करने और फाइलेरिया के रोकथाम के लिए सभी वर्ग को सुव्यवस्थित ढंग से फाइलेरिया रोकथाम की दवा दिलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली एवं आधार इनेबल बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम पर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कई विभागों के इनऑपरेटिव एवं डिफ गवर्नमेंट बैंक अकाउंट्स को ऑपरेटिव कराए जाने के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी का कार्य 31 जनवरी तक होना है। उन्होंने कहा कि अब धान खरीदी के कार्य का यह अंतिम माह है इसलिए सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी पूरी सजगता से सतर्क रहकर कार्य करे। कलेक्टर ने कहा कि अंतिम समय में जितने भी किसान धान विक्रय नहीं कर पाते है। उन सभी के धान खरीदी केंद्र आने पर ज्यादा भीड़ आने की संभावना होती है। जिसके लिए सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी तैयार रहे और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें। कलेक्टर ने ऑनलाइन कटे टोकनों का भौतिक सत्यापन करने, छोटे किसानों का प्राथमिकता से धान खरीदी करने और रकबा समर्पण पर फोकस करते हुवे कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम तहसीलदार सहित सभी संबंधित अधिकारियों को कोचियों-बिचौलियों द्वारा जिले में किसी भी प्रकार से अवैध धान खपाने की कोशिश करने पर सतत निगरानी रखते हुवे त्वरित कार्रवाई करने तथा धान की किसी भी प्रकार की अवैध खरीदी, भंडारण व परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों को अंतिम धान खरीदी तिथि तक पूरी प्राथमिकता से इस कार्य को करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ  वासु जैन, अपर कलेक्टर  बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर  बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर  के एस पैकरा, एसडीएम सक्ती  अरुण कुमार सोम, एसडीएम मालखरौदा  रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा  विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कावेरी मरकाम, जिला कोषालय अधिकारी उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी  सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।