धूमधाम से मनी जन्माष्टमी राधा-कृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर


सक्ती – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व नगर में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राधा-कृष्ण मंदिर, मारवाड़ी पंचायती राम मंदिर,सहित नगर के मंदिरों में विशेष सजावट की गई। मंदिरों को झालरों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रात 12 बजे महाआरती के साथ जन्माष्टमी उत्सव का शुभारंभ हुआ और भोग-प्रसाद का वितरण किया गया। युवाओं ने पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्सव को और भी रोचक बना दिया। “गोविंदा आला रे” जैसे गीतों पर टोलियां नाचते-गाते नजर आईं। मारवाड़ी पंचायती राम मंदिर के पुजारी राधेलाल शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। देर रात तक मंदिरों में भक्ति गीतों और कीर्तन की गूंज से वातावरण भक्तिमय रहा।


