4 अगस्त को जोबा आश्रम में होगा 2100 पार्थिव शिवलिंग का रुद्र महाअभिषेक

सक्ती – धर्म सेना और मातृशक्ति संगठन 4 अगस्त को सावन के अंतिम सोमवार पर जोबा आश्रम में रुद्र महाभिषेक का आयोजन करेंगे। यह कार्यक्रम काली माता मंदिर के पास होगा। इसमें 2100 पार्थिव शिवलिंग से रुद्राभिषेक किया जाएगा। सभी सनातनी हिंदू भाई-बहनों को आमंत्रित किया गया है। भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था रहेगी।आयोजिका अंजू गबेल ने बताया कि सक्ती क्षेत्र के गांवों से हजारों माताएं अपने हाथों से बनाए पार्थिव शिवलिंग लेकर जोबा आश्रम पहुंचेंगी। इन शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख प्रबल प्रताप जूदेव और राष्ट्रीय कथा वाचिका माता प्रज्ञा भारती दीदी रहेंगी। वे सुबह 9 बजे तुर्री धाम के शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद 11 बजे जोबा आश्रम पहुंचेंगे। वहां धर्म सेना और मातृशक्ति की बहनों के साथ रुद्राभिषेक में शामिल होंगे। अंजू दीदी ने बताया कि इस आयोजन में 20 से 30 लोग जो धर्म पथ से भटक गए थे, वे फिर से हिंदू धर्म में वापसी करेंगे। इनका जोबा आश्रम में जोरदार स्वागत किया जाएगा। रुद्राभिषेक कार्यक्रम का संचालन जोबा आश्रम के संस्थापक ओम महाराज और उत्तराधिकारी कौशलेंद्र कृष्ण महाराज करेंगे। कार्यक्रम की व्यवस्था धर्म सेना के जिला अध्यक्ष श्याम कुमार चौहान, संरक्षक राजू दास महंत, कार्यक्रम प्रभारी चित्रसेन जायसवाल और बृजेश जैसवाल संभालेंगे।