सक्ती

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 25 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान

सक्ती – परिषद सक्ती में आज प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत 25 पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र (अनुग्या) प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम सामुदायिक भवन, सक्ती में गरिमामय रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष  श्यामसुंदर अग्रवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा, एवं उप अभियंता  तारकेश्वर नायक की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप अभियंता  तारकेश्वर नायक ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार यदि कोई हितग्राही निर्धारित मानकों का पालन करते हुए एक वर्ष के भीतर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करता है, तो उसे ₹32,800 की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। यह योजना हितग्राहियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए प्रेरित करती है। इस अवसर पर वास्तुविद  बेद जयसवाल,  दीपेश देवांगन, CLTC प्रतिनिधि  वीरेंद्र शैनी एवं  मुकेश जयसवाल भी उपस्थित रहे। इन्होंने हितग्राहियों को योजना की तकनीकी एवं प्राविधिक जानकारी प्रदान की। नगर पालिका अध्यक्ष  श्यामसुंदर अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास प्राप्त हो। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी  पुनीत वर्मा ने हितग्राहियों से समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने और निर्धारित गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया तथा हर संभव प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें लाभार्थियों ने योजना की जानकारी प्राप्त कर धन्यवाद व्यक्त किया।