सक्ती में रावत नाच महोत्सव का हुआ शानदार आयोजन
देर रात तक थिरकते रहे यदुवंशी

सक्ती – प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सक्ती के जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय मैदान में बुधवार 11 दिसंबर को दोपहर 3:30 बजे से रावत नाच महोत्सव का परंपरानुसार गौरवपूर्ण व भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कई मंडलियों द्वारा राउत नाचा पेश किया गया। इस दौरान सक्ती और आसपास के ग्रामीण अंचलों से के अलावा सीमावर्ती जिलों से आए दर्शकों ने भी रावत नाच महोत्सव का आनंद उठाया। इस कार्यक्रम मे प्रदेश के अलग-अलग जिलों से रावत नाचा टीमों ने हिस्सा लिया।सक्ती के जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय मैदान में प्रतिवर्ष परंपरानुसार रावत नाच महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजनांदगांव मधुसूदन यादव शामिल हुए। अध्यक्षता यादव समाज सक्ती के जिलाध्यक्ष दिवाकर यादव ने की। गाजे बाजे के साथ नर्तक दलों ने अनूठे वेशभूषा में अपने नृत्य का प्रदर्शन किया। रावत नाच महोत्सव को देखने के लिए दर्शकों मे भी खासा उत्साह देखा गया। यदुवंशी तुलसी, कबीर और सूरदास के दोहों में थिरकते रहे। छोटे बच्चे भी आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर भगवान श्री कृष्ण की तस्वीरों के साथ जमकर थिरकते नजर आए।
रावत नाच महोत्सव में नर्तक दल सभी को आकर्षित कर रहे थे। वे जिस जगह से गुजरते, लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रहे थे। हर एक राउत के सिर पर पागा, उसमें लगी मोर पंख की कलगी और फूलों का गजरा, चेहरे पर वृंदावन की मिट्टी का श्रृंगार, आंखों में काजल, दोनों गालों में और ठोढ़ी पर काली बिंदिया, भौंहों के बीच माथे पर चंदन का टीका, बदन में सलूखा व बास्किट, सीने में कौडिय़ों की एक पेटी, दोनों बांहों में बंहकर, कमर में जलाजल, पैरों में चोलना, एक हाथ में तेंदू की लाठी और दूसरे हाथ में फरी, दोनों टो पैरों में घुंघरू और उससे निकलता रुनझुन का संगीत हर किसी को आकर्षित कर रहा था। लोग उनकी फोटो खींच रहे थे, सेल्फी ले रहे थे। मन में इनके नृत्य देखने का उत्साह लिए कॉलेज मैदान में सैकड़ों लोग खड़े थे।
सभी दलों को देखने के बाद निर्णायक मंडली ने अपना फैसला सुनाया। रेफरी परस यादव और राजू यादव और निर्णायक संतराम यादव, घनश्याम यादव, जीआर यादव और मीनाक्षी यादव के द्वारा नृत्य मंडलियों को पुरस्कृत किया गया। तारबहार बिलासपुर के कान्हा राउत नाच दल को प्रथम पुरस्कार व नगद राशि 51000 रूपये, परसदा बिलासपुर के धन्नू यादव ग्रुप को द्वितीय पुरस्कार व 31000 रूपये नगद राशि तथा बेल्हा बिलाईगढ़ के कृष्ण राउत नाच दल को तृतीय पुरस्कार व 21000 रूपये नगद राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में रामकुमार यादव विधायक चंद्रपुर, गजेन्द्र यादव विधायक दुर्ग, बालेश्वर साहू विधायक जेजैपुर व रमेश यदु प्रदेशाध्यक्ष सर्वसमाज एवं सर्व यादव समाज प्रमुख रूप से शामिल हुए, वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा, राष्ट्रीय समन्वयक ओबीसी विभाग कृष्ण कुमार यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, पार्षद वार्ड क्र. 13 गजाधर यादव, पार्षद वार्ड क्र. 16 धनंजय नामदेव, पार्षद वार्ड क्र. 09 गजेन्द्र यादव, झेरिया यादव समाज रायगढ़ के जिलाध्यक्ष पंचराम यादव बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।